गोपेश्वर (चमोली)। दिल्ली के उद्योगपति एवं समाजसेवी सुशील कानौड़िया ने सपरिवार बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। गुरुवार को शयन आरती और शुक्रवार को महाभिषेक पूजा में शामिल होकर उन्होंने भगवान बदरीविशाल, माता लक्ष्मी और श्री घंटाकर्ण को ध्वज अर्पित किया तथा मंदिर की सेवा का संकल्प लिया। उन्होंने रावल अमरनाथ नंबूदरी से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
मंदिर प्रभारी एवं प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल ने कानौड़िया परिवार का स्वागत कर प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट किए। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि कानौड़िया परिवार ने तृतीय केदार श्री तुंगनाथ मंदिर के शीर्ष कलश एवं छतरी के निर्माण-जीर्णोद्धार और गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्री भैरवनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण में योगदान दिया है। परिवार ने अनुसूया माता मंदिर में चांदी के सिंहासन और बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर शिव मंदिर के निर्माण में भी सहयोग किया है। बदरीनाथ प्रवास के दौरान सुशील कानौड़िया ने मंदिर समिति के कर्मचारियों को जैकेट तथा साधु-संतों को वस्त्र एवं कंबल वितरित किए। इससे पूर्व उन्होंने केदारनाथ धाम में दर्शन कर जरूरतमंदों को कंबल बांटे थे।
इस दौरान उनकी पत्नी ममता कानौड़िया, पुत्र दीपक, पुत्रवधू पायल, पुत्रियां चेरी गुप्ता एवं नेहा गोयल और पोते क्यान व कृषव सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में बीकेटीसी के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल, एसपी भट्ट, रंजन कुमार, देवकुमार, महेश कुमार, डॉ. हरीश गौड़, राहुल नेगी, योगंबर नेगी, राजदीप सनवाल, राजेश नंबूदरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

